कर्मचारियों ने दी सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी
चांदपुर। नगरपालिका परिषद चांदपुर के सफाई कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी को 12 सूत्री मांग पत्र देकर समस्याओं के समाधान की मांग की। तीन दिन में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी है।
स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष रॉकी सैलानी व महामंत्री मस्तराम सूद ने नगरपालिका अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन दिया। जिसमें ठेका कर्मचारियों का एरियर भुगतान करने, संविदा कर्मचारियों का ईपीएफ, ऑनलाइन केवाईसी प्रक्रिया व कर्मचारियों का ईपीएफ से निकासी भुगतान करने की अनुमति प्रदान करने, सेवानिवृत्त व आश्रित सफाई कर्मचारियों का बीमा, पेंशन व मृतक आश्रित के रूप में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति किए जाने, सफाई कर्मचारियों के (मृतक) आश्रितों को पीएफ व छुट्टी अवकाश का शीघ्र भुगतान करने, शिक्षित स्थायी सफाई कर्मचारियों को लिपिक व सफाई नायक वर्ग में पदोन्निति देने की मांग की।
इसके साथ ही समस्त स्थायी कर्मचारियों का राष्ट्रीय पर्व व त्योहारों का अवकाश देने, एसीपी व प्रोमोशन ग्रेड का लाभ दिए जाने, स्थायी सफाई कर्मचारियों की सर्विस बुक पूर्ण किए जाने की मांग रखी। वहीं स्थायी सफाई कर्मचारी, ठेका कर्मचारी व संविदा सफाई कर्मचारियों को ठंडी व गर्म वर्दी दिए जाने, पेंशन भोगियों को पेंशन का भुगतान माह की सात तारीख तक किए जाने, सफाई कर्मचारियों को वेतन प्रतिमाह की सात तारीख तक दिए जाने आदि की मांग की है। सफाई कर्मचारियों ने तीन दिन में समस्याओं का समाधान न होने पर आठ अगस्त को सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी है।