संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। नवगठित एम पैक्स समिति गुनियापुर में बुधवार को आयोजित किसान गोष्ठी में समिति के अधिक से अधिक सदस्य बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान समिति की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के सभापति चौधरी दिनेश कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एम पैक्स समितियों से किसानों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। सन् 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
एम पैक्स समितियों का कार्य क्षेत्र बड़ा हुआ है, जिससे किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा रहा है। इनसे किसानों को खाद और बीज के वितरण के अतिरिक्त बेहद कम दर पर ऋण का लाभ दिया जा रहा है। अब एम पैक्स समितियों में जन सेवा केंद्रों की भी स्थापना की गई है। कहा कि ये समितियां सीधे सरकार की देखरेख में कार्य करती हैं। इससे किसानों के लाभ बढ़ाने, किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक की अध्यक्षता चौधरी अमन सिंह, संचालन यशपाल सिंह ने किया। बैठक में सहायक आयुक्त सहकारिता राजवीर सिंह, डीसीबी के उपसभापति हेमराज सिंह, संचालक प्रेमपाल सिंह, विनीत कुमार, सिद्धार्थ कुमार, बी पैक्स अकबराबाद सभापति सुहास राजवंशी, अजय शर्मा, संदीप सिंह, लोकेंद्र सिंह, एमडी चौधरी नितिन कुमार, हेमंत मलिक आदि उपस्थित रहे।