हरेवली के जंगल में हाथियों द्वारा रौंद कर बर्बाद की गई गन्ने की फसल। किसान
हरेवली (बिजनौर)। साहूवाला वन क्षेत्र से सटे गांवों में हाथियों का आतंक बना हुआ है। बुधवार रात फसलों की रखवाली कर रहे किसानों की झोपड़ियों को तहस-नहस कर दिया। किसानों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। इस दौरान हाथियों ने सैकड़ों बीघा गन्ने की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। किसानों में वन विभाग के अधिकारियों के प्रति आक्रोश है।
गांव भगौता निवासी शमशाद आलम ने बताया कि उनके गांव के ही मोहम्मद आशिक , कय्यूम अहमद, नूरआलम सहित कई किसान फसलों के बचाने के लिए खेतों पर डेरा डालकर रह रहे हैं। बुधवार रात हाथियों का झुंड करीब 12 बजे के आसपास गन्ने खेतों में आ घुस आया। इस मौके पर हाथियों ने झोपड़ियों को तहस-नहस कर दिया। मौके पर किसान भागकर जान बचाई। सूचना पर रात में गांव से किसान इकट्ठा होकर ट्रैक्टर आदि से खेतों पर पहुंचे। वन विभाग को सूचना दी। लेकिन विभाग के किसी कर्मचारी ने सुध नहीं ली। किसानों ने बमुश्किल हाथियों को खदेड़ा। इस दौरान हाथियों ने मोहम्मद हारुन, शमीम अहमद, नसीर अहमद, मेघराज सिंह, मो. अली, मो. इस्लाम, शहीद अहमद सहित करीब 14-15 किसानों की सैकडों बीघा गन्ने की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। डिप्टी रेंजर राकेश मंदोला का कहना है कि किसान फसलों के नुकसान का मूल्यांकन कराकर विभाग में मुआवजा दिलाया जाएगा।