गांव मीरापुर में हाथियों ने मचाया उत्पात
कादराबाद(बिजनौर)। गांव मीरापुर में हाथियों ने गेहूं के खेतों में जमकर उत्पात मचाया। छह किसानों की गेहूं की फसल को उजाड़ दिया। किसानों में वन विभाग की उपेक्षा से रोष व्याप्त है। किसानों वन विभाग से वन्यजीवों को वनों में रोकने की मांग की है।
किसान अर्जुन सिंह, सुरजीत सिंह, ज्ञान सिंह, दलवीर सिंह, अमरजीत सिंह, रघुवीर सिंह, हरनाम आदि का कहना कि कई दिनों से हाथी का आतंक गांव में है। किसान मयाल सिंह के खेत में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। पिछले सप्ताह भी हाथी ने खेत में घुसकर गेहूं की खड़ी फसल को रौंद डाला। हाथी रोजाना शाम को खेत में घुस आता है। आरक्षित वन क्षेत्र से सटे खेतों में किसानों का खेती करना मुहाल हो गया है। हाथी तथा जंगली जानवर दीवारें तथा तारबंदी को तोड़कर किसानों की फसल को तहस नहस कर रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। आजिज किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों को कालागढ़ कार्बेट रिजर्व की सीमा पर तारबंदी कर रोके जाने की मांग की है। किसानों ने चेताया कि यदि जानवरों पर नियंत्रण न किया गया तो विभाग का घेराव होगा। उधर, डीएफओ एम सेमारम का कहना है कि किसानों के खेतों का टीम भेजकर मुआयना कराया जाएगा।