जलीलपुर। बिजलीघर जलीलपुर से जुड़े गांव जलीलपुर, कुतुबपुर गांवड़ी, माहूं, घंसूरपुर, सब्दलपुर, बीरमपुर, नाईपुरा, अकबरपुर, जलीलपुर, कमालपुर, खानपुर, गंधौर, बेरखेड़ा, धींवरपुरा, पाड़ला, मीरापुर सीकरी, बलिया नंगली आदि सहित करीब तीन दर्जन गांव के हजारों उपभोक्ता की करीब 16 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। लगातार बिजली न मिलने से गांव वासियों को पानी की समस्या रही, वहीं ब्लॉक जलीलपुर चौराहे पर लगा एसबीआई का एटीएम बिजली न होने से ठप रहा। ई रिक्शाओं से आवागमन करने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्रीतम सिंह, जबर सिंह आदि ई रिक्शा चालकों ने बताया दिन भर रिक्शा चलाकर रात में बैटरी चार्ज करते हैं। बिजली न मिलने से बैटरी चार्ज नहीं हो सकी। बिजली कर्मियों ने बताया बारिश के कारण बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे 33 केवी लाइन में तकनीकी कमी आ गई थी, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। लाइन ठीक कर सप्लाई आपूर्ति शुरू कर दी गई है।