सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा प्रतिनिधियों का चुनाव 10 फरवरी से
जिले की उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की शाखा प्रतिनिधियों के चुनाव की घोषणा हो गई है। प्रतिनिधियों के चुनाव में कोई आरक्षण नहीं है। चुनाव प्रक्रिया 10 फरवरी से शुरू होगी। जिले में बिजनौर, हल्दौर, चांदपुर, नूरपुर, धामपुर, अफजलगढ़, नगीना तथा नजीबाबाद में उत्तर प्रदेश ग्राम विकास बैंक की शाखाएं हैं। हर शाखा से एक बैंक प्रतिनिधि चुना जाता है। इस प्रकार सूबे की ग्राम विकास बैंकों की शाखाओं से चुने गए 323 प्रतिनिधि प्रदेश स्तर पर क्षेत्रवार डायरेक्टर का चुनाव करते हैं। इसके बाद डायरेक्टर सभापति तथा उपसभापति का चुनाव करते हैं। सहकारिता विभाग के एआर अमित त्यागी जिले के चुनाव प्रभारी हैं।
अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी सत्यपाल सिंह के मुताबिक बैंक शाखा प्रतिनिधि के लिए अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 फरवरी को होगा। 12 फरवरी को सूची पर आपत्ति ली जाएगी। इसके बाद, 14 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। चुनाव के लिए 17 फरवरी को नामांकन होंगे। 20 फरवरी को नाम वापस होंगे। उसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन तथा अंतिम नाम निर्देशन का प्रकाशन होगा। बताया कि 27 फरवरी को मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना तथा परिणाम घोषित होगा। अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि डायरेक्टर के लिए 20 मार्च को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन है। 25 मार्च को नामांकन होंगे। 27 मार्च को चुनाव चिह्न का आवंटन है। एक अप्रैल को वोट पडे़ंगे। मतदान बाद मतगणना तथा परिणाम घोषित होगा। सभापति, उपसभापति, तथा अन्य समितियों में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव तीन अप्रैल को है। डायरेक्टर, सभापति, उप सभापति की चुनाव प्रक्रिया लखनऊ में होगी।