संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। लोगों के बेहतर इलाज के लिए आयुष्मान योजना का लाभ दिया जा रहा है। ऐसे में अब 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग घर बैठे ही अपना आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। जी हां, आयुष्मान भारत एप के जरिए आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं। एप से बनाने में ज्यादा आसानी भी है।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में 70 साल से अधिक आयु के करीब आठ हजार बुजुर्गो के आयुष्मान कार्ड बन गए हैं। जनसेवा केंद्र, स्वस्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे थे, मगर अब बिना बायोमेट्रिक, फाेटो के भी आयुष्मान कार्ड बन सकते हैं।
इसके लिए स्मार्टफोन में आयुष्मान भारत एप डाउनलोड करना है। जिस पर पात्र अपने आधार कार्ड से ही आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं।
नोडल अधिकारी ने बताया कि सीधे पंजीकरण और फार्म में मांगी गई जानकारी भरकर पोर्टल पर सबमिट कर सकते हैं। पात्र जल्द ही अपना आयुष्मान कार्ड बनाकर लाभ ले सकते हैं। आयुष्मान योजना के तहत पात्रों का एक साल में पांच लाख रुपये तक निशुल्क इलाज किया जा रहा है।