चंदक। ग्राम रायपुर बेरिसाल निवासी कपड़ा विक्रेता शमशेर अली (70) पुत्र नन्हे की उत्तराखंड के गांव मुंडाखेड़ा के पास ट्रक से टकराकर मौत हो गई जबकि उनका साथी आलम विकार (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। आलम के दोनों पैर कुचल गए हैं। उसका आगामी 16 फरवरी को निकाह होना है। शमशेर अली व आलम विकार (28) पुत्र शकील गांवों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में कपड़ा बेचते थे। सोमवार को दोनों सामान लेने के लिए बाइक से सहारनपुर गए थे। शाम को लौटते समय करीब छह बजे जब दोनों लक्सर-रायसी के बीच मुंडाखेड़ा गांव के पास नदी के पुल पर पहुंचे तो ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में शमशेर अली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि आलम गंभीर रूप से घायल हो गया। आलम के दोनों पर कुचल गए हैं। उसे देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।