बिजनौर में ट्रेंच विधि से गन्ना उत्पादन कर रहे जिले के किसानों ने फिर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। शासन की ओर से गैर जिलों के जिला गन्ना अधिकारियों की ओर से कराई गई क्रॉप कटिंग में जिले ने गन्ना उपज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। यहां एक बीघे में करीब 192 क्विंटल उत्पादन तक किया गया है। इससे पहले यह अधिकतम उत्पादन 166 क्विंटल प्रति बीघे तक का ही था।
डीसीओ ओपी सिंह के अनुसार यह पैदावार जिले में गन्ना उत्पादन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने बताया कि जिले में ट्रेंच विधि से अर्ली वैरायटी के गन्ने की बुवाई का रकबा बढ़ा है। इस कारण जिले की शुगर मिलों ने नवंबर के प्रथम सप्ताह में पिराई शुरू कर दी थी। शासन ने जिले में प्रति बीघा गन्ना उपज के लिए क्राप कटिंग कराने के निर्देश दिए हैं। इस पर डीसीओ बरेली शैलेश मौर्य , डीसीओ रामपर रंजीत कुशवाहा और कटिंग स्टेटिकल ऑफिसर पदम सिंह की टीम को क्राप कटिंग के लिए बिजनौर भेजा गया।
इस टीम ने ग्राम तिसोतरा के किसान प्रदीप सिंह के खेत की क्राप कटिंग कराई। इसमें गन्ने की उपज 191.76 क्विंटल प्रति बीघा निकली है। किसान ने बताया कि उसने ट्रेंच विधि से साढ़े चार फिट की दूरी पर 238 प्रजाति का गन्ना बोया। बीच में सरसों की फसल भी लगाई। बता दें कि इस बार सितंबर में करीब पांच हजार हेक्टेयर में गन्ने की बुवाई हुई है। किसानों का सहफसली खेती में रूझान बढ़ा है।