शिक्षा मंत्री को शिक्षकों की समस्याओं की दी जानकारी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री सुभाष चंद शर्मा (पूर्व विधायक) के नेतृत्व में प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी से मिला। शिक्षकों की करीब एक दर्जन समस्याओं को उठाया गया।
संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह के अनुसार प्रतिनिधि मंडल शिक्षा मंत्री से उनके चंदौसी स्थित आवास पर मिला। आरोप लगाया कि डीआईओएस कार्यालय में खुलकर भ्रष्टाचार हो रहा है। डीआईओएस शिक्षकों की बात नहीं सुनते। जांच कराने पर असलियत सामने आ जाएगी।
पूर्व विधायक व शिक्षक नेता सुभाष चंद्र शर्मा ने तदर्थ शिक्षकों का अविलंब वेतन भुगतान एवं समस्या का समाधान, पुरानी पेंशन की बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली बनाने, स्थानांतरण प्रक्रिया का सरलीकरण, प्रदेश के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, एनपीएस के शिक्षक साथियों का पैसा यथा समय खाते में स्थानांतरित न होने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की विद्यालयों में नियुक्ति सहित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के 17 सूत्रीय मांग पत्र पर बिंदुवार चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुशील पुंडीर (सहारनपुर), प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह( बिजनौर), रवि गुप्ता जिला मंत्री सहारनपुर, वाहिद हुसैन जिला संरक्षक, मोहित सक्सेना जिला अध्यक्ष संभल , करण सिंह प्रधानाचार्य एसएस इंटर कॉलेज चंदौसी, वसीमुद्दीन प्रधानाचार्य एफआरआईसी इंटर कॉलेज चंदौसी, रीता वार्ष्णेय सनातन धर्म बालिका इंटर कॉलेज चंदौसी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।