एक-एक उत्तर पुस्तिका का देना होगा हिसाब
बिजनौर। यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्रों पर कापियों की हेराफेरी नहीं हो सकेगी। बोर्ड ने हेराफेरी रोकने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर अपना अनुक्रमांक लिखेगा। 2022 की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा में करीब पौने पांच लाख कापियां इस्तेमाल होंगी। परीक्षा केंद्रों को प्रतिदिन एक-एक कापी का हिसाब देना होगा। जिले के 88 हजार से अधिक विद्यार्थी हाईस्कूल व इंटर परीक्षा में पंजीकृत हैं।
जिले के 387 माध्यमिक विद्यालयों में हाईस्कूल के 46645 तथा इंटर के 41842 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से प्रस्तावित हैं। परीक्षा के लिए 131 केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड ने परीक्षा के लिए हाईस्कूल की 204295अ उत्तर पुस्तिका तथा इंटर की 261184अ उत्तर पुस्तिका आवंटित की हैं। जबकि हाईस्कूल की 104561 ब उत्तर पुस्तिका तथा इंटर की 61332ब उत्तर पुस्तिका दी गई हैं। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि जीआईसी बिजनौर को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों को कापियों का 11 मार्च से वितरण शुरू हो गया है। केंद्र को परीक्षार्थियों की आवंटित संख्या के अनुसार अ तथा ब कापी मिलेंगी। शासन से उत्तर पुस्तिकाओं के इस्तेमाल के लिए निर्देश तय हैं। केंद्र व्यवस्थापक अपनी मनमर्जी से उत्तर पुस्तिकाओं का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
जीआईसी बिजनौर में उत्तर पुस्तिका वितरण प्रभारी अमित शर्मा के अनुसार केंद्रों को बोर्ड परीक्षा में आवंटित एक-एक उत्तर पुस्तिका का हिसाब देना होगा। सभी उत्तर पुस्तिका क्रमांकित हैं। परीक्षा कक्ष में छात्रों को क्रम से वितरित होंगी। परीक्षा से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थी की उत्तर पुस्तिका विवरण के साथ लौटानी होगी। यदि परीक्षा में अ, उत्तर पुस्तिका की जरूरत पड़ती है तो केंद्र व्यवस्थापक को बची अ, उत्तर पुस्तिका का इस्तेमाल करने के लिए डीआईओएस की अनुमति लेनी होगी।
ब उत्तर पुस्तिकाओं के इस्तेमाल का कोटा तय
शासन को बोर्ड परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं के बदलने की शिकायत मिलती रही हैं। इसलिए बोर्ड ने विद्यार्थियों को अ उत्तर पुस्तिका क्रमांक से वितरित करने के साथ ब उत्तर पुस्तिकाओं के आवंटन पर शर्त निर्धारित कर दी है। प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल व इंटर के आवंटन के अलग-अलग मानक हैं। बोर्ड के निर्देश हैं कि केंद्र को हाईस्कूल परीक्षा के लिए आवंटित होने वाली ब उत्तर पुस्तिका की संख्या उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या की 40 प्रतिशत तथा इंटर के लिए ब उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या अ उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या की 30 प्रतिशत होगी।
उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर डालना होगा अनुक्रमांक
बोर्ड परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं की हेरा फेरी नहीं हो सकेगी। इसके लिए बोर्ड ने सख्त कदम उठाया है। विद्यार्थी को परीक्षा के दौरान हर पेपर में उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर अपना अनुक्रमांक लिखना है। कक्ष निरीक्षक को परीक्षा समाप्त होने से 15 मिनट पहले यह निर्देश विद्यार्थियों को देना अनिवार्य है। अभी तक विद्यार्थी परीक्षा में जहां लिखना समाप्त करते थे केवल वहीं अपना अनुक्रमांक लिखते थे।
कापियां लेने के लिए विद्यालय प्रतिनिधि रहे परेशान
बिजनौर। बोर्ड परीक्षा के लिए कापियां लेने आए विद्यालय प्रतिनिधि शाम तक परेशान रहे। जीआईसी बिजनौर में 2022 की बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल व इंटर की कापियों का वितरण शुक्रवार से शुरू हुआ। पहले दिन 95 परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि बुलाए गए थे। अनेक प्रतिनिधियों ने बताया कि विद्यालयों को सुबह 11 बजे कापियां ले जाने की सूचना मिली थी। लेकिन दुपहर बाद करीब एक बजे प्रतिनिधि कापियां लेने आने शुरू हुए। शाम तक कापियां बंटीं। आरोप है कि अनेक विद्यालयों को कापियां नहीं मिली, प्रतिनिधि शाम तक परेशान रहे। संवाद