स्योहारा। शुक्रवार शाम हादसे में ई-रिक्शा चालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए नहर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम झिल्ला निवासी ई-रिक्शा चालक मंजीत कुमार (32) पुत्र मंगू सिंह की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे की है। जानकारी के अनुसार मंजीत कुमार नूरपुर रोड स्थित मिठेपुर-सरकड़ी नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह अधिक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। मंजीत की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे नहर से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मदद से मंजीत को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंजीत ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।