चेयरपर्सन पति और सभासदों ने मिलकर रात में कराया काम
छह दिन से जारी है सफाई कर्मचारियों की हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। नगर पालिका परिषद में सफाईकर्मियों की छह दिन से जारी हड़ताल के बीच रविवार रात चेयरपर्सन के पति जैद रशीद और सभासदों ने नगर की सफाई व्यवस्था की कमान संभाली। निजी तौर पर मजदूरों को लगाकर शहर के विभिन्न हिस्सों में जमा कूड़ा उठवाया गया और डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाया गया।
जैद रशीद ने बताया कि सफाईकर्मियों की जायज मांगों पर विचार का आश्वासन देते हुए काम पर लौटने की अपील की गई, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं लौटे। उधर, हड़ताल के कारण नगर में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए रात में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निजी मजदूरों की मदद से देर रात तक सफाई कार्य कराया गया और तड़के करीब तीन बजे तक प्रमुख मार्गों व मोहल्लों से कूड़ा उठवाकर डंपिंग स्थल पर भिजवाया गया। वहीं, नगरवासियों का कहना है कि हड़ताल के चलते पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था प्रभावित थी। रविवार रात चलाए गए अभियान से कई क्षेत्रों में लोगों को राहत मिली है।
ड्यूटी पर लौटें, नहीं तो होगी नई भर्ती
नहटौर। सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच आउटसोर्सिंग एजेंसी दक्ष प्लेसमेंट एंड सिक्योरिटी सर्विसेज ने कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटने का नोटिस जारी किया है। एजेंसी ने सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 15 जून से कार्यस्थल पर उपस्थित होने और हड़ताल समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में कहा गया है कि बिना वैध कारण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के स्थान पर 16 जून से नए कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।
समझौता वार्ता के बाद सफाईकर्मियों के काम पर लौटने के संकेत
नहटौर। सोमवार शाम सफाईकर्मियों ने दलित पिछड़ा वर्ग भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिरस्वाल के नेतृत्व में चेयरपर्सन कैंप कार्यालय पहुंचकर वार्ता की। बताया जाता है कि इस दौरान सफाईकर्मियों ने कुछ शर्तों के साथ वापस काम पर लौटने का आश्वासन दिया। वार्ता के दौरान राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री विजय पारछा, प्रदेश अध्यक्ष रोहित मदान, एडवोकेट कुलदीप राजवंश, परविंदर कुमार, संजीव वाल्मीकि, विकास सैलानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।