बिजनौर में गंगा बैराज पर गंगा का बढ़ा जलस्तर।
- फोटो : amar ujala
पहाड़ और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश से गंगा के जलस्तर में उफान आया है। बिजनौर बैराज पर जलस्तर चेतावनी बिंदु पर पहुंच गया, जो खतरे के निशान से केवल आधा मीटर ही दूर है। अगर बारिश जारी रही तो जल्द ही खतरे के निशान को छू सकती है।
रविवार को बिजनौर बैराज पर जलस्तर 219.50 मीटर रहा, जबकि शनिवार को 219.20 मीटर बना हुआ था। एक ही दिन में 0.30 मीटर की बढ़ोतरी हुई है। बताया गया कि बिजनौर बैराज पर खतरे का निशान 220 मीटर है। यहां तक जलस्तर पहुंचते ही बाढ़ के हालात पैदा हो जाते हैं। रविवार की शाम बिजनौर बैराज से एक लाख 16 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जबकि शनिवार को बिजनौर बैराज से 66 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज से रविवार की सुबह छह बजे गंगा में एक लाख तीन हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज के बाद भी गंगा में कई सहायक नदियां आकर मिलती हैं। सहायक नदियों में उफान के चलते भी गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: अफसरों की लापरवाही का गजब हाल: कागजों में अधूरा था गंगा पुल, फिर भी दौड़ रहे थे वाहन, टल गया ये बड़ा हादसा
बता दें कि गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते खादर इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। गंगा के आसपास के खेतों में पानी भरा हुआ है। पुलिस ने गंगा की तरफ नहीं जाने की लोगों को हिदायत दी है।