धामपुर। पुलिस प्रशासन होली त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के प्रयास में जुट गया है। धामपुर की होली उत्तरी भारत में बरसाना, मथुरा और वृंदावन की होली के बाद प्रसिद्ध होलियों में शुमार है। यहां पर 20 मार्च रंग की एकादशी के सूखे और गीले रंग के जुलूस के साथ होली का हुड़दंग शुरू हो जाएगा। जो 25 मार्च दुल्हैंडी तक चलेगा।
कोतवाल किशन अवतार ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर होली पर्व पर क्षेत्र में पूरी तरह से शांति के व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तैयारी कर ली है। करीब एक दर्जन ड्रोन कैमरों से होली के मौके पर हुड़दंगियों की हर प्रकार की गतिविधियों की निगरानी रखी जाएगी। पुलिस रिहर्सल जल्द शुरू कर दिया जाएगा। पिछले एक सप्ताह से पुलिस की ओर से हिंदू, मुस्लिम आदि सभी बस्तियों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की जा रही है। रंग में भंग डालने वाले को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। खुराफात करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।