नांगलसोती-गांव हरचंदपुर में जल निगम को ओवरहेड टैंक।
बिजनौर, नांगलसोती। गांव हरचंदपुर सहित क्षेत्र के आधा दर्जन गांव के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इन गांवों में नलकूप और ओवरहेड टैंक से पेयजल आपूर्ति बंद हो गई है। जल निगम के अधिकारी जल जीवन मिशन योजना के माध्यम से ग्रामीणों को जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का आश्वासन दे रहे हैं।
नांगलसोती क्षेत्र के गांव हरचंदपुर में जल निगम का नलकूप व ओवरहेड टैंक हैं। जिससे गांव हरचंदपुर, मायापुरी, चमरौला, सौफतपुर, लालपुर मान, ढोलापुरी, महमसापुर आदि गांव जुड़े हैं। 11 माह पूर्व जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव में भूमिगत पाइप लाइन बिछाते हुए पुरानी पाइप लाइन कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों की मांग पर पाइपलाइन दुरुस्त की गई, लेकिन उपभोक्ताओं के घरों तक पानी नहीं पहुंचा।
उधर, गांव हरचंदपुर में जल जीवन मिशन योजना के तहत भूमिगत पाइपलाइन डालने का कार्य चल रहा है। ग्रामीण देव कुमार, राजीव कुमार, हरपाल सिंह आदि का कहना है कि नई परियोजना के शुरू होने में लंबा समय है। फिलहाल ग्रामीणों को पुरानी परियोजना के माध्यम से ही शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाए।
जल निगम के जेई मुसीबत अली का कहना है कि पुरानी पेयजल योजना कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गांव में जल जीवन मिशन योजना का कार्य दिसंबर, 2024 तक पूरा हो जाएगा। जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाएगा।