ड्रेस कोड होगा लागू, परिचयपत्र भी जरूरी
बिजनौर। अब जिला अस्पताल में ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया है। बिना इसके कोई भी चिकित्सक या कर्मचारी ड्यूटी नहीं कर सकेगा। सभी लोगों को परिचयपत्र भी साथ लेकर आना होगा। इस व्यवस्था को एक मार्च से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया जाएगा।
जिला अस्पताल में भीड़ के बीच बिना ड्रेस कोड के चिकित्सक, कर्मचारी एवं आम लोगों के बीच फर्क करना काफी मुश्किल होता है। बाहर से आए अधिकारी भी नहीं पहचान पाते थे कि कौन चिकित्सक व कर्मचारी हैं तथा कौन बाहरी व्यक्ति है। सीएमएस ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देशित कर ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया है। कुछ चिकित्सकों को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश चिकित्सक भी ड्रेस कोड में ड्यूटी करने नहीं आते। इससे उन चिकित्सकों को भी अब ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य होगा। सभी को अपना परिचय पत्र भी साथ लेकर आएंगे। इसके लिए 28 फरवरी तक का समय दिया गया है। सीएमएस डा. ज्ञानचंद ने बताया कि ड्रेस कोड एवं परिचय पत्र के नियम को कड़ाई से लागू करने से व्यवस्था ठीक होगी, इसलिए इसे लागू किया गया है। एक मार्च से प्रभावी हो जाएगा। बिना ड्रेस कोड व परिचयपत्र के अस्पताल में प्रवेश वर्जित रहेगा।