नांगलसोती के कामराजपुर में जल निकासी न होने से ओवरफ्लो हुआ नाला।
- फोटो : NAZIBABAD
नाला हुआ ओवरफ्लो, सड़क पर बह रहा पानी
नांगलसोती। गांव कामराजपुर में नाले की जलनिकासी अवरुद्ध होने से नाला ओवरफ्लो हो गया है। नाले का पानी सड़क पर बहने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले की जलनिकासी सुचारु कराने की मांग की है।
नांगलसोती के गांव कामराजपुर में दो माह पूर्व जलनिकासी के लिए ब्लॉक द्वारा नांगल-चंदक मार्ग पर 200 मीटर नाले का निर्माण कराया गया था। ग्रामीण मतलूब अहमद, सरफराज, मो. नासिर, रकम सिंह का कहना है कि नाले के पानी की निकासी नहीं होने से गांव का दूषित पानी नाले में ही जमा हो रहा है। नाले के पानी से दुर्गंध फैलने के कारण आसपास के ग्रामीणों का रहना दूभर हो गया है। नाले में कीट व मच्छर पनप रहे हैं, जिससे गांव में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। अब नाले का पानी ओवरफ्लो होकर नांगल-चंदक मार्ग पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ब्लॉक द्वारा नाले का निर्माण तो कराया गया, लेकिन जलनिकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले में जमा पानी की निकासी सुचारु कराने की मांग की है।