बढ़ापुर में कटान करती नकटा नदी और जमा ग्रामीणों की भीड़।
- नदियों के पानी डूब गई फसलें और बेकार हो गईं सब्जियां
फोटो न्यूज
बढ़ापुर। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। जिसके चलते क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क बढ़ापुर से कट गया है। वहीं नकटा नदी के पानी से कस्बे के मोहल्ला भजड़ावाला में लगातार भूमि कटान जारी है। खेतों में घुसे नदी के पानी से फसलें भी नष्ट हो गई हैं।
क्षेत्र में लगातार तेज वर्षा होने के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में हुई भारी वर्षा के चलते क्षेत्र की नदियां ऊनी, पहाड़ा, खो व नकटा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। इन नदियों का जलस्तर बढ़ने और तीव्र जल प्रवाह के कारण बढ़ापुर इलाके का संपर्क दर्जनों गांवों पूरी तरह कट गया है। मोहल्ला भजड़ावाला नकटा नदी के मुहाने पर है, जहां लगातार भूकटाव हो रहा है। नकटा नदी का पानी मोहल्ला भजड़ावाला के भीतर भी पहुंच गया है। नगर पंचायत और तहसील प्रशासन के द्वारा भूमि कटान और पानी रोकने के सारे प्रयास बेकार हो गए हैं। मोहल्ला भजड़ावाला में नदियों के पानी से कई मकान और झोपड़ियां बह गईं। खेतों में खड़ी फसल भी पानी में डूब गई है। जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। साथ ही खेतों में सब्जियां भी खत्म होने की कगार पर है।