-पीड़ित ने सीएमओ से की धोखाधड़ी की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कोतवाली देहात के गांव बरूकी निवासी मुनेंद्र ने मेडिकल अस्पताल के चिकित्सक पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाया। पीड़ित ने उसकी पत्नी ईश्वरी के पैर में रॉड की जगह प्लेट डालने की शिकायत सीएमओ से की।
मुनेंद्र ने कहा कि उसकी पत्नी ईश्वरी के पैर की हड्डी का ऑपरेशन डाॅ. संजय ने किया था। उससे रॉड के लिए 17 हजार रुपये तय करके रिलीफ मेडिकल से रॉड कहकर मंगाई थी और उससे एक हजार रुपये भी लिए थे। इसके बाद 10 दिन में ही टांके काटे बिना पत्नी की छुट्टी कर दी। पैर से पस आने पर वह दोबारा अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने यह कहकर पट्टी कर भेज दिया कि दवा डालते रहना, ठीक हो जाएगा। लेकिन पस बंद नहीं हुआ।
तीसरी बार पत्नी को अस्पताल की इमरजेंसी में दिखाया। तीन दिन भर्ती कर छुट्टी कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी ईश्वरी को निजी हॉस्पिटल में दिखाया तो रॉड नहीं प्लेट डली हुई बताई। इसकी शिकायत सीएमओ से करते हुए कार्रवाई की मांग की।
सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल अस्पताल का मामला था। जांच सीएमएस को भेज दी है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।