- गेस्ट हाउस निर्माण की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अमानगढ़ टाइगर रेंज पहुंचकर निरीक्षण किया। गेस्ट हाउस निर्माण की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम उमेश मिश्रा अमानगढ़ टाइगर टाइगर रेंज पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिए कि अमानगढ़ टाइगर रेंज को आने वाली सड़कों के दोनों किनारों पर किसी भी तरह की गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए, सड़क एवं आसपास की जगहों की विशेष रूप से सफाई व्यवस्था सुचारू करने को कहा। साथ ही सड़को के दोनो ओर प्राकृतिक सुंदरीकरण के लिए फूलदार और छायादार पौधारोपण कराने को कहा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमानगढ़ टाइगर रेंज में दूरदराज से आने वाले पर्यटकों को ठहरने, उनके खानपान और मनोरंजन के लिए रिज़ार्टस एवं होटलों का निर्माण कराने के लिए निवेशकों एवं उद्यमियों को पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों में पूंजी निवेश करने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा।
उन्होंने अमानगढ़ टाइगर रेंज क्षेत्र में पर्यटकों के लिए बनने वाले गेस्ट हाउस के धीमी गति निर्माण पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने गेस्ट हाउस में प्रवास करने वाले पर्यटकों/अतिथिगणों के लिए खेलकूद एवं मनोरंजन की भी समुचित व्यवस्था करने के लिए भी निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएम उमेश मिश्रा के अलावा एडीएम विनय कुमार सिंह, सीडीओ पुर्ण बोहरा, एसडीएम मनोज कुमार सिंह, डीएफओ अरुण कुमार, रेंजर प्रदीप शर्मा आदि सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।