बिजनौर में जिलाधिकारी के वाल्मीकि बस्ती और मोहल्ला रेती के निरीक्षण में पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे मिले। मोहल्ला रेती में तो सड़क पर मरा कुत्ता पड़ा मिला।
डीएम ने प्रात:10 बजे मोहल्ला जाटान स्थित वाल्मीकि बस्ती का मुआयना कर सफाई व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्हें निरीक्षण में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे मिले। बस्ती में 10 वर्ष पूर्व डूडा द्वारा बनाए गए पार्क की हालत बहुत खराब मिली। गंदगी के साथ पार्क में सुअर बंधे मिले। जिलाधिकारी द्वारा उनके आगमन की पूर्व में सूचना देने के बावजूद गलियों के भ्रमण में नालियों और सड़कों पर जगह-जगह गंदगी पाए जाने पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की गई। उपस्थित अधिशासी अधिकारी को कार्य में गंभीरता और अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को आदेश दिए कि पार्क में बने भवन की गुणवत्ता की जांच लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से कराई जाए। उन्होंने पार्क प्रांगण में सुअर बांधने पर एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान जाटान स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियुक्त डा. राहुल के अनुपस्थित पाए जाने तथा उनके अधिकतर अनुपस्थित रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होेंने अनुपस्थित चिकित्सक का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमओ को दिए। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की उपस्थित कम पाई गई। शिक्षा की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने अध्यापकों को नामांकन के अनुसार बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बस्ती में नवनिर्मित सामुदायिक केंद्र साफ हालत में पाया गया।
केंद्र के पीछे संचालित प्राथमिक विद्यालय जाटान और अचारजान में सफाई व्यवस्था ठीक मिली, लेकिन नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति 50 प्रतिशत ही थी। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए कि बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। मोहल्ला रेती वार्ड दो में सड़क में बीमार कुत्ता पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल कुत्ते को हटाएं। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पात्र लोगों के राशन कार्ड न बनाये जाने पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पात्रों के राशन कार्ड बनवाएं। पाइप पेयजल व्यवस्था के तहत प्रदूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत मिलने पर उन्होंने ईओ को निर्देश दिए हैं कि तत्काल स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बिजली विभाग के अभियंता को निर्देश दिए कि फौरन खुले तारों की कवरिंग कराएं ताकि कोई दुर्घटना न होने पाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल, अधिशासी अभियंता लोनिवि योगेश पंवार, ईओ नगर पालिका के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।