-बैराज घाट पर मैदान में रस्सी के सहारे उड़ाया गया गर्म हवा का गुब्बारा
-बॉस्केट में बैठकर लोगों ने ऊंचाई से देखे बैराज और गंगा के नजारे
-फिलहाल 500 रुपये रखा गया है किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गंगा बैराज पर गर्म हवा के गुब्बारे से हवा में सैर करने का सपना बुधवार को पूरा हो गया। डीएम अंकित अग्रवाल और सीडीओ पूर्ण बोहरा ने इस सेवा का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद अफसरों ने गर्म हवा के गुब्बारे की बॉस्केट में बैठकर काफी ऊंचाई पर पहुंचकर गंगा और बैराज के आसपास के नजारे का लुत्फ उठाया। प्रशासन ने एक्सप्लोर इंडियन एडवेंचर कंपनी से मिलकर यह सेवा शुरू की है।
बुधवार की शाम करीब सात बजे डीएम अंकित अग्रवाल और सीडीओ पूर्ण बोहरा तमाम अधिकारियों के साथ बिजनौर गंगा बैराज पहुंचे। वहां पर पहले से ही गर्म हवा के गुब्बारे के सहारे लोगों को हवा में सैर कराने वाली कंपनी ने इंतजाम कर रखे थे। डीएम अंकित अग्रवाल ने इसका उद्घाटन किया। एक बॉस्केट में अफसरों को बैठाकर हवा में काफी ऊंचाई तक ले जाया गया। अफसरों ने भी इसका लुत्फ उठाया।
डीएम अंकित अग्रवाल ने बताया कि यह पर्यटन की दिशा में बड़ा कदम है। अब तक लोग गंगा बैराज पर वेटलैंड पर पक्षी देखने, डॉल्फिन सफारी करने, स्नान घाट पर स्नान करने आते थे। अब इस क्रम में एक और बड़ा कारण जुड़ गया है। यहां पर बिजनौर ही नहीं, मेरठ, मुजफ्फरनगर से भी लोगों की आने की संभावना है। यह अभी लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर एसडीएम सदर मनोज कुमार और तहसील का स्टाफ भी मौजूद रहा।
पर्यटकों की बढ़ जाएगी भीड़: ज्ञान नंदनी
एक्सप्लोर इंडियन एडवेंचर कंपनी से ज्ञान नंदनी ने बताया कि गंगा बैराज पर पर्यटन की अपार संभावनाएं है। प्रशासन के सहयोग से यह सेवा शुरू की जा रही है, जिसका मकसद जिले में पर्यटन को बढ़ावा देना है। यदि पर्यटकों की संख्या ठीक रहती है तो गर्म हवा के गुब्बारे की सेवा लगातार जारी रहेगी।