नगीना में आयोजित तहसील समाधान दिवस में लोगों की समस्याएं सुनते डीएम उमेश मिश्रा
- फोटो : BIJNOR
नदी में गंदगी की शिकायत पर भड़के डीएम
नगीना। नगीना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नगर के मध्य होकर गुजर रही नहर में व्याप्त गंदगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के जेई को मौके पर जमकर फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने सोमवार तक सफाई के लिए नगरपालिका को एनओसी न देने पर सिंचाई विभाग के जेई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने तथा सिंचाई विभाग के दफ्तर में ताले लगवाने के एसडीएम को कड़े आदेश दिए।
शनिवार को तहसील सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो पाया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में आने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने सरकार की सभी जनकल्याण योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे जनपद में सबसे कम शिकायतें नगीना की तहसील दिवस में आती हैं। इससे प्रतीत होता है कि यहां के एसडीएम व क्षेत्राधिकारी बेहतर कार्य कर रहे हैं। समाधान दिवस में जिलाधिकारी को जब यह बताया गया कि नगर के मध्य से होकर गुजर रही नहर में पिछले काफी समय से गंदगी व्याप्त है तो जिलाधिकारी बिफर पड़े। उन्होंने सिंचाई विभाग के जेई पीके शर्मा को मौके पर बुलाकर अब तक सफाई न कराने को लेकर फटकार लगाई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह द्वारा जिलाधिकारी को यह बताने पर कि नहर की सफाई का कार्य पालिका प्रशासन खुद कराने के लिए तैयार है, लेकिन सिंचाई विभाग एनओसी नहीं दे रहा तो इस पर जिलाधिकारी सिंचाई विभाग के जेई पर बिफर पड़े। उन्होंने पालिका के अधिशासी अधिकारी से उनके आदेश पर तत्काल सफाई व्यवस्था शुरू कराने तथा एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह से सोमवार तक सिंचाई विभाग द्वारा नगरपालिका को सफाई के लिए एनओसी न देने पर जेई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने तथा सिंचाई विभाग के दफ्तर पर ताला लगाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह, एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला, तहसीलदार अवनीश त्यागी, नायाब तहसीलदार अनिरुद्ध यादव, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।