बिजनौर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते डीएम उमेश मिश्रा।
- नकलविहीन परीक्षा में अवरोध उत्पन्न करने वालों से सख्ती से निपटें
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर । डीएम उमेश मिश्रा ने यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम उत्तर पुस्तिकाओं एवं प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त रहे। कहा कि नकलविहीन परीक्षा में अवरोध उत्पन्न करने की जरा सी भी कोशिश करने वालों से पूरी सख्त से निपटें। निरीक्षण में सभी व्यवस्था सही मिली। डीएम जीजीआईसी बिजनौर में परीक्षा कक्षों की जर्जर छतों को देख नाराज हुए।
डीएम उमेश मिश्रा अचानक जिला मुख्यालय के परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण के लिए पहुंचे । डीएम ने सबसे पहले उत्तर पुस्तिकाओं व प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को देखा। सुरक्षा कर्मी ड्यूटी पर सजग मिला। डीएम ने सुरक्षा कर्मी से कहा कि कक्ष के आसपास कोई फटकना नहीं चाहिए। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह सख्त रहे।
इसके बाद डीएम राजकीय बालिका इंटर कालेज बिजनौर परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। परीक्षा शांतिपूर्ण चलती मिली। डीएम उमेश मिश्रा ने परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को बने निगरानी कक्ष से सभी परीक्षा कक्षों के कैमरों को देखा। एक परीक्षा कक्ष के कैमरा निगरानी कक्ष में शो नहीं हुआ। बताया गया कि पैनड्राइव लगाते समय तार हिल गया था। ठीक करा दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं व पेपरों के लिए बने स्ट्रांग रूम पर निगाह रखें।
डीएम उमेश मिश्रा को जीजीआईसी बिजनौर परीक्षा केंद्र पर बताया गया कि कुछ परीक्षा कक्षों की छत जर्जर हो गई है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि यह संवेदनशील मामला है। छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा है। मामले में लापरवाही कतई नहीं होनी चाहिए।