- जोगीरम्पुरी दरगाह पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होंगी सालाना मजलिसें
नजीबाबाद। दरगाहे आलिया नफ्ज-ए-हिंद जोगीरम्पुरी दरगाह की सालाना मजलिसे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी। डीएम और एसपी ने समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सालाना मजलिसों से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल और एसपी नीरज कुमार जादौन ने शनिवार को जोगीरम्पुरी दरगाह पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को 23 मई से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दरगाह पर जायरीनों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने दरगाह पर बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था दुरस्त रखने को कहा।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने दरगाह पर सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था रखने के पुलिस को निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसपी ने दरगाह कमेटी के साथ मौला अली के रोजे पर चादरपोशी की।
बैठक में एएसपी ग्रामीण राम अर्ज, एसडीएम नजीबाबाद कुंवर बहादुर सिंह, सीओ देश दीपक सिंह, बीडीओ ज्योति चौधरी, एसडीएम नगीना, नगीना सीओ सहित अग्निशमन, नगर पालिका के अधिकारी शामिल रहे।
जायरीनों को जोगीरम्पुरी दरगाह तक पहुंचाएगा रोडवेज
ट्रेनों और बसों से नजीबाबाद पहुंचने वाले जायरीनों को रोडवेज डिपो अपनी बसों से जोगीरम्पुरी दरगाह तक पहुंचाएगा। केंद्र प्रभारी अरूज मेहंदी ने बताया कि नजीबाबाद रोडवेज डिपो की कई बसें चुनाव ड्यूटी में लगी हैं। इसके बावजूद करीब 10 बसों की सेवा नजीबाबाद से जोगीरम्पुरी दरगाह तक शुरू की जाएगी।
23 मई शुरू होंगी सालाना मजलिसें
जोगीरम्पुरी दरगाह पर सालाना मजलिसें 23 मई से शुरू होगी। कमेटी अध्यक्ष इरम अली जैदी और सचिव मौलाना कसीम अब्बास ने बताया कि सालाना मजलिसों की तैयारियां लगभग पूरी चुकी हैं। सालाना मजलिस में देश विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। बैठक में संयुक्त सचिव मौलाना फिरोज नगरी, शजर अब्बास, जव्वाद हैदर सहित कई सदस्य मौजूद रहे।