- बिजनौर डिपो से 32 और नजीबाबाद से 18 बसें चुनाव ड्यूटी पर लगेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शासन ने बिजनौर से 50 रोडवेज बसें मांगी हैं। सात मई को एक सप्ताह के लिए चुनाव ड्यूटी पर रोडवेज बसें जाने से जनपद की परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी।
निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए शासन ने जिला प्रशासन से रोडवेज बसें मांगी हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर नजीबाबाद और बिजनौर डिपो से बड़ी संख्या में रोडवेज बस चुनाव ड्यूटी के लिए भेजी जा रही हैं। नजीबाबाद डिपो के एआरएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सात मई से 12 मई तक के लिए नजीबाबाद डिपो से 18 बसें चुनाव ड्यूटी पर जाएंगी। उधर, बिजनौर डिपो से 32 बसें सात मई को चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना होंगीं।
नजीबाबाद डिपो के स्टेशन प्रभारी अरुज मेहंदी ने बताया कि नजीबाबाद डिपो में निगम की 47 और आठ अनुबंधित रोडवेज बसें हैं। चुनाव ड्यूटी पर जाने वाली बसों को तकनीकी रूप से दुरुस्त कराया जा रहा है। सीमित बस रहते हुए परिवहन व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।