चार दिन के भीतर संचालित किये जाएं जिला अस्पताल के वेंटिलेटर: डीएम
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कहा कि जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लगाये गए चार वेंटिलेटर तत्काल ही संचालित किए जाएं। उन्होंने सीएमएस को निर्देशित किया कि वे इसके लिए कक्ष स्थापित कराकर चार दिन दिन के भीतर वेंटिलेटर संचालित कराएं । उसमें सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर समुचित स्टाफ की भी व्यवस्था करें।
मंगलवार को डीएम रमाकांत पांडेय ने कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में इस संदर्भ में आयोजित बैठक में जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ज्ञानचंद को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिले में कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्तियों की संख्या में आए दिन वृद्घि हो रही है। इसके लिए आवश्यक है कि पूरी सजगता और सर्तकता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में कोविड-19 महामारी के नियंत्रण के लिए शासन की ओर से चार वेंटिलेटर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके लिए वेंटिलेटर कक्ष की तत्काल ही स्थापना की जाए, जिसमें सभी आवश्यक उपकरणों एवं सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए अपेक्षित स्टाफ भी नियुक्त किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि वेंटिलेटर कक्ष के क्रियान्वयन के लिए जो भी उपकरण या सामग्री खरीदे जाएं, उनमें शासन द्वारा निर्गत नियमों का पालन करें और स्टाफ के लिए यदि आवश्यक हो तो आउटसोर्सिंग से उसको पूरा किया जाए। डीएम ने ये भी निर्देश दिए कि मशीनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित टेक्नीशियन की सेवा प्राप्त की जाए और यदि विभाग में टेक्नीशियन उपलब्ध न हो तो उन्हें भी आउटसोर्सिंग के आधार पर नियुक्त किया जाए ताकि सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम न्यायिक डा. नितिन मदान, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा. अनिल मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विजय कुमार यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. ज्ञानचंद के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।