धामपुर। रेहड़ थाना क्षेत्र के गांव जाफराबाद के धार्मिक स्थल को लेकर दो पक्षों के लोगों में विवाद हो गया। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि उनके गांव में 40 साल पुरानी मस्जिद है लेकिन गांव के दूसरे पक्ष के कुछ लोग मस्जिद को मदरसा बताकर शांति भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले को लेकर बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के लोग धामपुर में उप जिलाधिकारी नितिन कुमार से मिले और मामले से अवगत कराया।
गांव के मुजफ्फर अली, जामिनी अली, जामिनी हसन आदि का कहना है कि उनके गांव में 40 साल पुरानी मस्जिद है। वह मस्जिद में ही नमाज पढ़ते आ रहे हैं। दूसरे पक्ष के विशाल चौहान, अंकुश राणा, राहुल आदि का कहना है कि जिसे मस्जिद बताया जा रहा है, वह मदरसा है। मदरसे को मस्जिद का रूप नहीं दिया जा सकता। हालांकि मस्जिद के पास ही गांव में ओम गिरी बाबा का मंदिर भी है। मुस्लिम पक्ष का कहना है कि उन्हें इससे कभी कोई आपत्ति नहीं रही। गांव के लोग अफजलगढ़ भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार चौहान के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी से मिले। तहसील अध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों से वार्ता हुई है। आपस में समझौते का प्रयास किया जा रहा है। उप जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों को जांच कर उन्हें संतुष्ट करने का भरोसा दिया है। उनका कहना है कि विवाद को बढ़ाने के स्थान पर उसका समाधान कराने में जोर दिया जाए। इस मौके पर महेंद्र पाल सिंह, पदम सिंह, शैलेंद्र कुमार चौहान, बंटी कुमार आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
उप जिलाधिकारी नितिन कुमार का कहना है कि प्रशासन की ओर से पहले मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।