नगीना में तहसील परिसर में धरने पर बैठे भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता। संवाद
नगीना। विवादों में घिरी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन ने निर्माण हटवा दिया। निर्माण गिराए जाने के विरोध में भाकियू टिकैत ने देर शाम तहसील में धरना शुरू कर दिया। उधर धरने के बाद तहसील प्रशासन निर्माण गिराने की बात से मुकर गया है।
बृहस्पतिवार को साहू दीपक कुमार, प्रभात चंद, अजय कुमार, कुलदीप, सुभाष चंद आदि द्वारा थानाध्यक्ष को शिकायत कर बताया कि बढ़ापुर रोड पर ईदगाह के सामने लगभग 100 वर्ष पूर्व साहू विश्वेश्वर नाथ ने श्मशान घाट के लिए जमीन दान दी थी। आरोप लगाया कि जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा है। पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवा दिया था। शुक्रवार को एसडीएम नितिन कुमार राजस्व टीम व पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तथा जांच पड़ताल की। दोपहर में जेसीबी चली और निर्माण गिरा दिया गया। दीवारों को गिराए जाने के बाद शुक्रवार की देर शाम भारतीय किसान यूनियन (टिकैत )के कार्यकर्ता तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी बलजीत सिंह ने बताया कि निर्माण गलत तरीके से ढहाया गया है। कहा कि प्रशासन से इस संबंध में वार्ता चल रही है, यदि वार्ता का कोई सार्थक परिणाम नहीं आया तो धरना जारी रहेगा। इस मौके पर राम भजन सिंह, विवेक बालियान, रोहित कुमार, कुलदीप सिंह, महेश राजपूत आदि मौजूद रहे।
उधर एसडीएम नितिन कुमार का कहना है कि निर्माण कार्य गिराने में प्रशासन का कोई हाथ नहीं है। इस मामले की जांच कराई जाएगी। प्रथम दृष्टया निर्माण अवैध नजर आया था।