- नगरपालिका बोर्ड की बैठक में 2023-24 का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। नगर पालिका परिषद नवनिर्वाचित बोर्ड की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास के विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में चेयरपर्सन, सभासद सहित पालिका ईओ ने भाग लिया। वर्ष 2023-24 का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित हुआ।
मंगलवार को कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बोर्ड बैठक में हैंडपंप, वाटर कूलर, पाइप लाइन लीकेज, यात्री प्रतीक्षालय मरम्मत, निष्प्रोज्य सामग्री, पेड़ों की नीलामी, नवनिर्वाचित अध्यक्ष / सदस्यों के निवास पर नेम बोर्ड लगाए जाने, पालिका खाली पड़ी भूमि को संरक्षित करने, नगर में पार्क / ओपन जिम बनाए जाने एवं विभिन्न स्थानों पर सड़कों के निर्माण, पाइप लाइन विस्तार, स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने व नगर में नालियों के टूटे चैनल / स्लेब व नालियों की मरम्मत कराए जाने संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
नगर का सीमा विस्तार किए जाने, नगर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कराए जाने हेतु नगर को दो जोन में बांटे जाने, नगर की गरीब व पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने हेतु आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बैठक कराए जाने, ईद उल अजहा के पर्व पर पानी, सफाई, लाइट की विशेष व्यवस्था करने आदि विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2023-24 का वार्षिक बजट 19 करोड़ रुपये प्रस्तावित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्षा तबस्सुम जहां व संचालन अधिशासी अधिकारी कौशल कुमार ने किया। संजीव कुमार लेखाकार सहित नीतू पंवार, कृपा गुप्ता, यासमीन खातून, मेहराज बानो, अफरोज जहां, नईमा बेगम, नाजमा बेगम, उमेश कुमार, वाहिद, शाहिद, इमरोज, मुकीब खान सूरी, मोहम्मद शाहनवाज, रिजवान, रियासतुल्ला आदि मौजूद रहे।