सूचनाएं न मिलने पर महानिदेशक खफा
धामपुर। प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्य परियोजना महानिदेशक के आदेश के बाबजूद भी परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों एवं समस्त प्रमाणपत्रों का संबंधित संस्थाओं से 28 जुलाई 2020 में सत्यापन का कार्य कराने के निर्देश दिए थे। जिसे अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है। महानिदेशक ने 28 फरवरी तक हर हाल में सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। धामपुर के खंड शिक्षा अधिकारी योगेशपाल सिंह का कहना है कि सत्यापन कार्य शुरू किया गया है।
गौरतलब है कि राज्य परियोजना स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने 28 जुलाई, 2020 को शिक्षामित्रों एवं अंशकालिक अनुदेशकों के आधार/शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन की सूचना प्रेरणा पोर्टल पर डीसीएफ में फीड कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन जब शिक्षामित्रों एवं अंशकालिक अनुदेशकों के आधार/शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन एवं आधार अथेंटीकेशन की डीसीएफ में अद्यतन फीड सूचना की समीक्षा की गई तो परिणाम संतोषजनक नहीं पाया गया है। अधिकारियों की लापरवाही उजागर हुई है। आदेशों में बताया गया कि प्रदेश में 82954 शिक्षामित्रों एवं 15358 अंशकालिक अनुदेशकों का आधार सत्यापन पूर्ण किया गया है। 41545 शिक्षामित्रों एवं 8576 अंशकालिक अनुदेशकों के शैक्षिक अभिलेख डाक द्वारा संस्थाओं को सत्यापन के लिए प्रेषित किए हैं। 8333 शिक्षामित्रों एवं 1545 अंशकालिक अनुदेशकों के शैक्षिक अभिलेख एवं अन्य प्रमाण पत्रों का सम्बन्धित संस्थाओं से सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त किया जा चुका है। बिजनौर जिले की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। महानिदेशक ने हर हाल में 28 फरवरी तक सिस्टम में सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।