दिव्या दीप ज्ञानपीठ इंटर कॉलेज समसपुर में 11वें ऑल इंडिया वॉलीबाल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर (बिजनौर)। दिव्या दीप ज्ञानपीठ इंटर कॉलेज समसपुर में 11वें ऑल इंडिया वॉलीबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। फाइनल में बिजनौर के धनुपुरा ने उत्तराखंड के कोटद्वार को हराकर टॉफी जीती।
उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अधिकारी साकेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों में अधिक से अधिक प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने की अपील की।
टूर्नामेंट में जनपद सहित दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा, रुड़की, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हरिद्वार आदि की टीमों ने प्रतिभाग किया। देर रात तक चले टूर्नामेंट में विभिन्न राउंड को पार करते हुए बिजनौर के धनुपुरा और उत्तराखंड के कोटद्वार की टीम फाइनल में पहुंची।
फाइनल मुकाबले में धनुपुरा टीम ने जीत हासिल की। कोटद्वार टीम उप विजेता रही। आयोजकों की ओर से विजेता टीम को 10 हजार की नकदी व ट्रॉफी तथा उप विजेता टीम को पांच हजार की नकदी व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रबंधक धर्मपाल सिंह, प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह, लोकेंद्र चौधरी, धनंजय चौधरी, हिमांशु चौधरी, अंकुश चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, राजीव अहलावत, पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद राठी, मा.लोकेंद्र सिंह, रविंद्र चौहान आदि उपस्थित रहे।