धामपुर में बुधवार को साप्ताहिक बंदी के बाद भी खुली दूकानें।
- फोटो : DHAMPUR
साप्ताहिक बंदी में भी खुला धामपुर का बाजार
धामपुर। साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद बाजार पूरी तरह से खुल रहा है। नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है। कोरोना गाइड लाइन का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से धामपुर में प्रत्येक बुधवार को बाजार की साप्ताहिक बंदी घोषित है। लेकिन अधिकांश व्यापारी प्रशासन के नियमों और कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन कर दुकानें को खोले बैठे हैं। इन व्यापारियों का कहना है कि जब प्रभावशाली एवं सत्ता पक्ष के व्यापारी नियमों का उल्लंघन कर प्रतिष्ठानों को खोल रहे हैं तो फिर अन्य व्यापारियों के लिए नियम अलग नहीं होने चाहिए।
गौरतलब है कि धामपुर में बंदी होने के बाद भी व्यापारी नियमों को मानने को राजी नहीं होते हैं। सबसे ज्यादा दुकानें साड़ियों की खुली रहती हैं। नगर के पंजाबी मार्केट, लोहा मंडी, फल चौक, बर्तन बाजार, सराफा बाजार, दर्जियान बाजार, चूड़ी बाजार, खारी कुंआ बाजार पर भी अधिकांश दुकानें रोज की तरह खुली रहीं।
एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को उनके स्तर से आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस सख्ती कर नियमों का पालन कराएगी। एसडीएम ने यह भी बताया कि डीएम के आदेश पर अब तहसील क्षेत्रों में नगरों में बाजार रात के आठ बजे बंद होगा। यह निर्णय कोरोना महामारी को देखते हुए लिया गया है।