- बोले - अपने उच्चाधिकारियों को कराएंगे घटना से अवगत
- अमानगढ़ प्रकरण में जांच कमेटी के शीघ्र जिले में आने की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अमानगढ़ के केहरीपुर में निर्माण को लेकर उपजे विवाद में डीएफओ डॉ. अनिल पटेल अवकाश लेकर लखनऊ रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके प्रकरण में सुनवाई नहीं की है, इसलिए वह अपने उच्चाधिकारियों को पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे। वहीं, विधायक द्वारा पीसीसीएफ से मिलकर गठित कराई गई जांच कमेटी के शीघ्र जिले में आकर जांच करने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अमानगढ़ के पास केहरीपुर में निर्माण को लेकर हुआ विवाद पिछले एक सप्ताह से चर्चाओं में है। इसे लेकर जहां एक पक्ष धरना दे चुका है, वहीं दूसरी ओर विधायक बढ़ापुर ने इस पूरे मामले की शिकायत पीसीसीएफ वन से लखनऊ जाकर की थी। इसमें डीएफओ की भूमिका की जांच की मांग भी की थी। इसके बाद जांच कमेटी गठित भी होने की बात कही गई। इसके अलावा डीएफओ बिजनौर ने एसपी और सीएफ को पत्र लिखकर खुद के साथ अभद्रता की बात कह चुके हैं। बृहस्पतिवार को डीएफओ डॉ. अनिल पटेल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ पहुंचकर अपने उच्चाधिकारियों को खुद के साथ हुई घटना के संबंध में अवगत कराएंगे। उन्होंने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप भी लगाया।