प्रथम नवरात्र पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
बिजनौर। शारदीय नवरात्रों के पहले दिन मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने कोरोना गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया। सभी ने उपवास रखकर और मंदिर में माथा टेककर परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। नवरात्रों की पूर्व संध्या पर मंदिरों को सजा दिया गया था। बृहस्पतिवार को तड़के से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। जिला मुख्यालय पर चामुंडा मंदिर और मां काली मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को संभालने के लिए मंदिरों में बेरिकेडिंग की गई थी। श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर मां से आशीर्वाद लिया। दोपहर तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा। आसपास के गांवों के लोग भी मंदिरों में प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंचे। श्री चामुंडा देवी मंदिर समिति कोषाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के अनुसार मंदिर पर नवरात्रों में रोज शाम साढ़े छह बजे आरती होगी। कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन करते हुए श्रद्धालु आरती में शामिल हो सकते हैं।
बिजनौर मे पहले नवरात्र पर मां चामुंडा देवी मंदिर पर उमड़ी श्रृदालुओं की भीड़।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर में पहले नवरात्र पर मां काली देवी मंदिर पर पूजा अर्चना करते श्रृदालु।- फोटो : BIJNOR