दीपदान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना में लगे श्रद्धालु
नांगलसोती। श्रद्धालुओं के नांगलसोती गंगा मेले में पहुंचने से मेले की रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालु दीपदान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना में लगे हैं।
मेला समिति और प्रशासन ने गंगा स्नान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं जुटाई हैं। मेले में स्वास्थ्य शिविर, अग्निशमन केंद्र, सेवार्थ शिविर के साथ-साथ गोताखोर की व्यवस्था की गई है।
नांगलसोती के गंगा स्नान मेला समिति द्वारा मेले की व्यवस्थाएं जुटाई गई हैं। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, थानाध्यक्ष वली मोहम्मद के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्वास्थ्य के दृष्टि से पीएचसी प्रभारी डॉ.सर्वेश निराला, डॉ.राय साहब के निर्देशन में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य कैंप लगाया है। अग्निशमनकर्मी और गोताखोरों को तैनात किया गया है। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भाकियू ने दिनेश कुमार, सत्यपाल सिंह, दौलत राम, कुलवीर सिंह आदि के सहयोग से सेवार्थ शिविर लगाया है। मेला समिति संरक्षक राजीव गोयल, अध्यक्ष जगराम सैनी, सुशील शुक्ला आदि के निर्देशन में श्रद्धालुओं के लिए मार्ग सहित ठहरने, स्नान गृह, शौचालय और महिला स्नान घाट की व्यवस्थाएं जुटाई गई हैं। मेले में लगातार श्रद्धालुओं के पहुंचने से मेले की रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालु गंगा स्नान से पूर्व दीप दान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना में लगे हैं।