बूढ़े बाबा के मंदिर में उमड़ी रही श्रद्धालुओं की भीड़
बिजनौर। बूढ़े बाबा के दोयज मेले पर उनके मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने प्रसाद व कान-खोपड़ी चढ़ाकर पुण्यलाभ कमाया।
बूढ़े बाबा के दोयज के मेले की तैयारी शनिवार से ही शुरू हो गई थी। दुकानदारों ने मंदिर के आसपास दुकानें लगानी शुरू कर दी थीं। रविवार को सुबह से ही श्रद्धालु प्रसाद चढ़ाने के लिए मंदिर में आने लगे थे। श्रद्धालुओं की भीड़ से रोडवेज चौराहे के पास बुरी तरह जाम लगा रहा। जाम की वजह से राहगीरों का पैदल निकलना भी दूभर रहा। शहर के अलावा आसपास के गांव के श्रद्धालु भी प्रसाद चढ़ाने के लिए मंदिर पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बच्चों के निरोगी रहने के लिए मंदिर में प्रसाद व कान-खोपड़ी चढ़ाई। मान्यता है कि कान-खोपड़ी चढ़ाने से चर्म रोग नहीं होता है। मेले में खिलौनों, चाट-पकौड़ी के अलावा बर्तन व खेतीबाड़ी के सामान की दुकानें भी भरी रहीं। मेले में बड़े वाहनों को आने से रोकने के लिए पुलिसकर्मी तैनात नहीं किए गए थे। देर रात तक मंदिर पर श्रद्धालु प्रसाद चढ़ाते रहेंगे।