जिले में मिला डेंगू का मरीज
बिजनौर। जिले में डेंगू का पहला मरीज मिला है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा गया। डेंगू की पुष्टि होने के बाद मरीज के घर और आसपास में दवाई का छिड़काव कराया गया। इसके अलावा मलेरिया विभाग की ओर से मोहल्ले में फॉगिंग कराई जाएगी।
शहर काजीपाड़ा निवासी नबील अहमद की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। जिले में अभी तक डेंगू का पहला केस मिला है। हालांकि प्राइवेट अस्पतालों में प्लेटलेट्स गिरने वाले मरीजों की भरमार है। प्राइवेट अस्पताल में बुखार से ग्रसित ज्यादातर मरीजों की प्लेटलेट्स डाउन आ रही है। प्राइवेट लैब के लिए नियम सख्त होने पर डेंगू की जांच कम हो रही है। प्राइवेट लैब में डेंगू की पुष्टि होने पर एलाइजा टेस्ट के लिए एक सैंपल स्वास्थ्य विभाग को देने का नियम है। मगर अभी तक प्राइवेट से जिला अस्पताल की लैब में मात्र तीन सैंपल आए हैं। बुखार के मरीजों में डेंगू जैसे लक्षण तो दिख रहे हैं, मगर रिपोर्ट निगेटिव आ रही है। जिलेभर में एलाइजा टेस्ट सिर्फ जिला अस्पताल में होता है। इसके अलावा कहीं भी डेंगू का एलाइजा टेस्ट नहीं किया जाता है। कम जांच होना भी डेंगू की पुष्टि नहीं होने का एक कारण हो सकता है। जिले में 11 सीएचसी, 11 पीएचसी हैं। मगर यहां पर भी एलाइजा टेस्ट की सुविधा नहीं है।
डेंगू की पुष्टि होने के बाद काजीपाड़ा में दवाई का छिड़काव करा दिया गया है। लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी जा रही है। जिले में अभी तक डेंगू का मात्र एक केस मिला है
- आशुतोष सिंह, जिला प्रभारी मलेरिया अधिकारी