बिजलीघर पर भाकियू लोक शक्ति का प्रदर्शन
झालू। नगर के विद्युत उपकेंद्र पर भाकियू लोक शक्ति के कार्यकर्ताओं ने धरना देते हुए प्रदर्शन किया। इस धरने में विभाग के जेई व कर्मचारियों पर किसानों का उत्पीड़न करने व किसानों के विद्युत कनेक्शन काटने का आरोप लगाया। एसडीओ के पहुंचने पर किसानों ने अपने बीच करीब दो घंटे तक बैठाकर रखा। एसडीओ द्वारा शिकायतों का समाधान करने का आश्वासन मिलने धरना समाप्त हुआ।
मंगलवार को भाकियू लोक शक्ति के बैनर तले जिलाध्यक्ष वीर सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं का धरना शुरू हुआ। जिलाध्यक्ष ने कहा कि विद्युत विभाग के एक कर्मचारी ने सरकारी छुट्टी के दिन रविवार को गांव हसनपुर जट व गंगोड़ाजट में पहुंचकर किसानों के ऊपर पांच हजार रुपये से अधिक का बकाया होने के कारण उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों का विद्युत विभाग के कर्मचारी अपनी मनमानी कर किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं। संगठन किसी भी कीमत किसानों का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। जब तक किसानों की समस्या का समाधान नहीं होता तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरने में बिजनौर निगम के एसडीओ सचिन रस्तोगी को आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने अपने बीच बैठा लिया और करीब दो घंटे बाद आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त किया।
धरना प्रदर्शन में राष्ट्रीय महासचिव चौधरी पदम सिंह, जिला प्रभारी शीशपाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष नरेश सिंह, राहुल चौधरी, मूला सिंह, संदीप, विजयपाल, जोगराज सिंह, नितिन कुमार, रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं धरने में नई कॉलोनी की महिलाएं पहुंची और उन्होंने कॉलोनी में अधिकारियों से विद्युत कनेक्शन देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी में विद्युत खंभे खड़े हैं, लेकिन खंभों पर विद्युत के तार नहीं है। वहीं दूसरी ओर व्यापारियों अभिषेक गर्ग, शैवाल, टीटू, युवराज बजरंग बहादुर सोती ने बाजार में जर्जर विद्युत लाइन की समस्या उपखंड अधिकारी के समक्ष रख शीघ्र उसका निस्तारण करने की मांग की। व्यापारी की मांग सुनकर उपखंड अधिकारी सचिन रस्तोगी ने बाजार में जाकर निरीक्षण किया और शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।