गाड़ी की आगे बैठकर विलाप करतीं ग्राम बाहुपुरा की महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में चौगांवा क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मृत मिले विरेंद्र के मामले में पुलिस ने उसकी और ससुरालियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
किरतपुर क्षेत्र के गांव छितावर निवासी विरेंद्र उर्फ भोलू पौड़ी में नाई का काम करता था।
गांव चौगांवा में उसकी ससुराल है। पौड़ी से वह ससुराल के लिए चला था। उसका शव शुक्रवार दोपहर घर से कुछ फासले पर संदिग्ध हालात में पड़ा मिला था। परिजनों ने देर रात थाने पहुंचकर ससुराल पक्ष पर उसकी हत्या का आरोप लगाया था। विरेंद्र के परिजनों ने बिजनौर पहुंचकर मंत्री की गाड़ी के सामने प्रदर्शन करते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।
इससे पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने विरेंद्र के पिता कमल सिंह की तहरीर पर उसकी पत्नी सीमा उर्फ रूमा, ससुर बाबूराम, सास कुसुम तथा सालों नीरज, कामेंद्र, परविंदर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में दोनों परिवारों के बीच संबंध ठीक न होने और ससुराल पक्ष की ओर से विरेंद्र के कई परिजनों के खिलाफ मामले दर्ज कराने की जानकारी मिली है। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।