दो माह का वेतन न मिलने पर किया प्रदर्शन
चांदपुर। दो माह से वेतन न मिलने से आक्रोशित आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने नगरपालिका परिसर में प्रदर्शन कर वेतन दिलाने की मांग की है। सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी संघ के तत्वाधान में नगरपालिका परिसर में आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें दो माह का वेतन नहीं मिला। इससे वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। रक्षाबंधन का त्योहार आ रहा है लेकिन दो माह से वेतन नहीं मिला। संघ ने शीघ्र कर्मचारियों का दो माह का वेतन दिलाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में संघ के जिलाध्यक्ष राजाराम मदान, दीपक कुमार, उमेश पवार, अंकित मदान, रवि मदान, विजय पाल, खुर्शीद, नाजिर, शरीफ नाजिर आदि शामिल रहे। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी अनुज कौशिक ने बताया कि आउट सोर्सिंग ठेका कर्मचारी हैं। ठेकेदार से बिल नहीं आया था। अब बिल आ गया है। कर्मचारियों का भुगतान हो जाएगा। कर्मचारी अपने काम पर चले गए हैं।