संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़। थाना क्षेत्र के गांव रायपुरी निवासी शीला देवी पत्नी डालचंद सिंह ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व गांव अंगदपुर तथा दिल्ली भटपुरा निवासी दो युवकों ने विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने की बात कही थी। जिनके झांसे में आकर उसका बेटा अमित कुमार सहित रायपुरी निवासी दिलशाद, अंगदपुर निवासी मोहसिन तथा पौड़ी गढ़वाल के गांव कौड़िया निवासी नीरज व अभिषेक एजेंटों के माध्यम से दुबई चले गए।
पीड़िता ने बताया कि पांचों युवक दुबई में एक कंपनी में कारपेंटर का काम करने गए थे। लेकिन उन्हें एग्रीमेंट के मुताबिक काम नही दिया गया। कंपनी ने उनके मजदूरी के पैसे भी नहीं दिए। साथ ही कंपनी ने उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिए हैं। पीड़ित युवकों ने विदेश से वीडियो भेजकर उन्हें वापस भारत बुलाने की गुहार लगाई है। परिजनों ने जब एजेंटों से अपने लाडलों को वापस बुलाने की बात की तो उन्होंने वापसी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग कर डाली। पीड़ित परिजनों ने विदेश मंत्रालय तथा सीएम आदि को प्रार्थना पत्र भेजकर युवकों को अपने देश वापस बुलवाने की मांग की है।