आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर किया प्रदर्शन
धामपुर। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस कोतवाली ज्ञापन सौंपाकर गो हत्या में शामिल फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।
शिवसेना के जिला प्रमुख आरके आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता शनिवार सुबह पुलिस कोतवाली पहुंचे। यहां पर पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार करनेे में रुचि न लेने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। बताया गया कि एक जनवरी की शाम को विशेष समुदाय के असामाजिक तत्वों ने नगर की फिजा को खराब करने की मंशा से स्योहारा चुंगी स्थित धार्मिक स्थल के पास गो हत्या कर उसके अवशेष को कपड़े में बांध फेंक दिया। जिससे हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर अभी तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। जबकि अन्य चार आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करने का कोई प्रयास नहीं कर रही है। चेताया कि यदि जल्द ही आरोपियों को जेल नहीं भेजा गया तो आंदोलन होगा। जबकि कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा का कहना है कि पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में विपिन चौहान, सुमन, रामेश, जसवंत, विकास, महेश, कुलदीप, तुषार, दिनेश, अजय, रवि प्रकाश, धर्मेंद्र, देवानंद, दयाराम, दुष्यंत कुमार आदि मौजूद रहे।