- मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत लक्ष्य का आवंटन कम, अधिकांश किसान लाभ से वंचित
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। तहसील क्षेत्र में इस बार मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत योजना का लक्ष्य अपेक्षा से कम आवंटित हुआ है। जिससे अधिकांश किसान वंचित रह सकते हैं। क्षेत्र में 300 ज्यादा किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं, लेकिन सरकार की ओर से आवंटन मात्र 136 का ही किया है। जिन किसानों को लाभ नहीं मिलेगा।
सरकार की ओर से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना को संचालित किया जा रहा है। जिले में कुल 11 विकास खंड हैं। इस योजना के तहत सरकार की ओर से जिले में कुल 325 उथले बाेरिंग का लक्ष्य आवंटन किया है। जबकि धामपुर तहसील क्षेत्र में चार विकास खंड धामपुर, नहटौर, स्योहारा और अफजलगढ़ शामिल हैं। इन सभी विकास खंडों को 136 बोरिंग का लक्ष्य दिया गया था। जबकि आनॅलाइन आवेदन करने वाले किसानों की संख्या करीब 300 से ज्यादा है।
विभाग के अवर अभियंता संजीव कुमार का कहना है कि यह आवंटन अभी हाल में 15 दिन पहले ही हुआ है। लक्ष्य की पूर्ति सितंबर माह के अंत तक किए जाने के आदेश हैं। भाकियू के तहसील अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, कविराज सिंह, महेंद्र सिंह का कहना है कि जब सब कुछ ऑनलाइन है तो सरकार को मांग के सापेक्ष लक्ष्य आवंटित करना चाहिए था। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि योजना का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार से पक्षपात हुआ तो आंदोलन होगा।