गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग
बिजनौर। भाकियू भानू की पंचायत में किसानों की धान की खरीद सरकारी क्रय केंद्रों पर न करने का आरोप लगाया गया। किसानों ले गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम विक्रमादित्य सिंह को ज्ञापन दिया गया।
गन्ना समिति में हुई पंचायत में जिलाध्यक्ष कुलबीर सिंह ने कहा कि सरकारी केंद्रों पर धान की तौल अब तक सुचारु नहीं हो पाई है। चीनी मिलों में बॉयलर पूजन हो गए लेकिन अब तक न तो किसानों को पिछले साल का भुगतान किया गया और न ही गन्ना मूल्य निर्धारित किया गया है। चेकिंग के नाम पर विद्युत निगम के कर्मचारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। पराली और पत्ती जलाने के नाम पर किसानों को बदनाम किया जा रहा है। फैक्टरियों व वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
एसडीएम को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देकर गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, दीपावली से पहले ब्याज सहित गन्ना भुगतान कराने, धान की खरीद सुचारु कराने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, 60 साल से अधिक आयु के किसानों को दस हजार रुपये मासिक पेंशन देने, किसानों को बिजली फ्री देने, गन्ना भुगतान 14 दिन के अंदर दिलाने की व्यवस्था की मांग की गई। अध्यक्षता जिला संरक्षक नरेश कुमार व संचालन हरिराज सिंह ने किया। पंचायत में अंकित कुमार, डा.चंद्रप्रकाश सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुरेखा, नसरीन जहां, शीशराम सिंह, विक्रम सिंह, हरिओम, मलखान सिंह, नईम अहमद आदि मौजूद रहे।