हल्दौर के मोहल्ला खेड़ा में देर काजल हत्याकांड के मामले में पंचायत करते मोहल्लेवासी।
- फोटो : BIJNOR
काजल के हत्यारोपी पर कार्रवाई की मांग
बिजनौर, हल्दौर। नगर के मोहल्ला खेड़ा में देर रात हुई एक समुदाय की पंचायत में काजल हत्याकांड में आरोपी सलीम के अलावा उसके अन्य आरोपियों के होने की भी आशंका व्यक्त की गई। कुछ लोगों ने इस मामले में लिप्त अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस से कार्रवाई कराने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला खेड़ा निवासी सुरेंद्र सिंह की पुत्री काजल गत 31 अगस्त को अपने पड़ोस में सहेली के यहां दावत खाने गई थी और लापता हो गई। इसके बाद उसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कुछ दिन पूर्व लापता युवती का कंकाल हरदासपुर गढ़ी के जंगल से बरामद किया। पुलिस ने काजल के परिजनों की शिकायत पर मोहल्ले के सलीम को प्रेम प्रसंग के चलते अपनी प्रेमिका काजल की हत्या करने के मामले में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया। मंगलवार की रात्रि मोहल्ला खेड़ा में स्थित एक धर्मशाला में एक समुदाय के लोगों की एक पंचायत हुई। इसमें काजल के परिजनों ने उसकी हत्या में शामिल आरोपी सलीम के अलावा अन्य कई आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई है। पंचायत में सुनील कुमार, रवि कुमार, पवन कुमार, प्रमोद कुमार भोले, मोहित कुमार, राजकुमार सिंह, थम्मन सिंह, लेखराज सिंह, महिपाल सिंह , आकाश कुमार आदि ने पुलिस से मिलकर इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।