अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला आज
कोतवाली देहात। कोतवाली ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर आज फैसला होगा। ब्लॉक कोतवाली परिसर में सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव की बैठक के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। एसडीएम नगीना घनश्याम वर्मा ने ब्लॉक पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और बीडीओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भी तैयारी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए दो इंस्पेक्टर, 15 सब इंस्पेक्टर 40 कांस्टेबल, 15 महिला कांस्टेबल, एक फायर बिग्रेड और दो प्लाटून पीएसी तैनात रहेगी। ब्लाक प्रमुख तृप्ति राजपूत के विरोधी गुट ने लगभग 108 बीडीसी को साथ लेकर जिला अधिकारी के यहां अविश्वास के शपथ पत्र दिए थे। जिसके चलते जिलाधिकारी ने अविश्वास की चर्चा को 15 सितंबर की तारीख तय कर दी थी। अविश्वास प्रस्ताव की तारीख को लेकर दोनों ही गुटों में काफी हलचल मची हुई है। पिछले 15 दिनों से ब्लॉक क्षेत्र में दोनों ही गुटों के समर्थक बीडीसी को अपने-अपने खेमे में करने में लगे हुए हैं।