बिजनौर के बढ़ापुर में माेहल्ला नौमी में दोमंजिला मकान की छत से गिरे सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। उधर, बाजार में मकान के छज्जे से गिरी आठ वर्षीय बच्ची को बेहोश हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नौमी निवासी शमीम का सात वर्षीय पुत्र अलतमश घर की दूसरी मंजिल की छत पर खेल रहा था। अचानक वह सिर के बल नीचे आ गिरा। परिजन बच्चे को नगीना सीएचसी ले गए। यहां से उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया। वहां ले जाते समय बच्चे ने दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना में बाजार निवासी शबाना की आठ वर्षीय पुत्री शाजिया मकान की छत से पास के छज्जे पर चढ़ रही थी। पैर फिसलने से वह सिर के बल नीचे आ गिरी। बेहोश हालत में बच्ची को नगीना-बिजनौर के बाद मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बनी है।