महिला प्रोफेसर सहित दोनों बच्चों का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में असम में हुए सड़क हादसे में नयागांव की एक महिला प्रोफेसर और उसके दो पुत्रों की मौत हो गई। तीन लोगों की एक साथ मौत होने से इस परिवार गमों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। तीनों के शव शनिवार की देर रात तक गांव में पहुंचने की संभावना है।
थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के ग्राम फिरोजपुर मुबारक उर्फ नयागांव निवासी संजीव कुमार अपनी पत्नी मोनिका (40) और दो पुत्रों सक्षम और प्रियम के साथ असम राज्य के डिब्रूगढ़ में रहते हैं। परिजनों के अनुसार संजीव कुमार पिछले करीब 20 वर्षों से असम में रहते हैं। वे वहां की एक चाय बागान में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी मोनिका वहां के एक कॉलेज में प्रोफेसर थीं। मोनिका अपने बड़े बेटे सक्षम कुमार (18) तथा छोटे पुत्र प्रियम कुमार (15) के साथ अपनी कार से किसी आवश्यक कार्य से कहीं जा रही थीं। कार सक्षम चला रहा था। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ टकराकर गहरी खाई में जा गिरी। इससे वहां चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने बमुश्किल तीनों मां-बेटों को कार से खींचकर बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ तीन मौतों से संजीव और उनके परिजनों के ऊपर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्राम नयागांव में एक ही परिवार में हुई तीन मौतों से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के मुताबिक तीनों शवों को शनिवार देर रात तक गांव लाए जाने की संभावना है। रविवार को तीनों मां-बेटों का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
सक्षम 11 वीं और प्रियम नवीं कक्षा में पढ़ते थे
सक्षम कक्षा 11 वीं का छात्र था, जबकि प्रियम नवीं में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार संजीव और सुधीर दो भाई तथा चार बहने हैं। रानी देवी, मधु रानी, संध्या रानी, सुधा देवी चार बहनें विवाहित हैं। संजीव के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।